ब्लॉक स्तर पर अन्तर्विभागीय समन्वय बैठक सम्पन्न, परिवार नियोजन पर जोर
सीतापुर, 25 अप्रैल 2026। खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में अन्तर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित हुई। यह बैठक पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा मोबियस फाउंडेशन के सहयोग से संचालित “उम्मीद परियोजना” के अंतर्गत सम्पन्न हुई, जिसका उद्देश्य परिवार नियोजन सेवाओं की पहुँच और गुणवत्ता को बढ़ाना है।
बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी श्री संदीप कुमार ने की। इसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायती राज, शिक्षा विभाग एवं आईसीडीएस के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया की श्रीमती सविता पांडेय ने परियोजना की प्रगति बताते हुए कहा कि जरवल ब्लॉक में बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें विद्यालय गतिविधियाँ, समूह बैठकें, स्वास्थ्य मेले और शपथ कार्यक्रम शामिल हैं।
खंड विकास अधिकारी ने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयास से ही योजनाओं का लाभ समाज तक प्रभावी रूप से पहुँच सकता है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों, ग्राम प्रधानों और पंचायत सचिवों की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया।
सीएचसी गोंदलामऊ के अधीक्षक डॉ. धीरज मिश्रा ने परिवार नियोजन एवं किशोर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में विभागीय तालमेल को आवश्यक बताया। वहीं, परियोजना टीम ने बताया कि सीएचसी-पीएचसी पर परिवार नियोजन कॉर्नर, स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण तथा समुदाय में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के प्रशिक्षण पर भी सहमति बनी। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

