Surya Satta
सीतापुर

श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में पलटी, दो की मौत, बाइक को बचाने के प्रयास में हादसा

सीतापुर। संदना थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में श्रद्धालुओं से भरी प्राइवेट बस खाई में पलट गई। हादसे में बाइक सवार समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में सवार करीब 30 श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आई हैं।

 


जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश से आए श्रद्धालु नैमिषारण्य दर्शन कर लखनऊ लौट रहे थे। इसी दौरान मिश्रिख रोड पर बरगदिया गांव के पास तेज रफ्तार बस की बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग राहत कार्य में जुट गए।

हादसे में बाइक सवार ओम प्रकाश (50) पुत्र परमेश्वर निवासी संदना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी जयदेवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं बस में सवार टूर ऑर्गनाइजर शिवकुमार (40) की इलाज के दौरान मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जेसीबी और क्रेन की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह, जिलाधिकारी राजा गणपति आर तथा पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना।

 

एएसपी दुर्गेश सिंह ने बताया कि बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर पलट गई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बस में सवार घायल श्रद्धालुओं में राघवम्मा, श्रीनिवास राव, कमनैनी, पद्मा, आनंद कुमार नाईक, निवास राव, नागा राजा कुमारे, साईं, रमेश, ललिता, फैंवी तेजा, भारती, प्रियंका, साईं राम, गायत्री, प्रवीण और डॉ. तेजा सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायल आंध्र प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं।

Leave a Reply

You cannot copy content of this page