बी.एल. वर्मा मेधावी सम्मान समारोह सम्पन्न, सैकड़ों प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
सीतापुर। प्रतिभाओं का सम्मान ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है। इसी उद्देश्य को साकार करते हुए नन्द किशोर कैलाशचंद डिग्री कॉलेज, टिकरा में बी.एल. वर्मा फेलोशिप एवं मेधावी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए सैकड़ों मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता शिया पीजी कॉलेज, लखनऊ के प्रोफेसर डॉ. सुधाकर वर्मा ने कहा कि प्रतिभा सम्मान विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब किसी छात्र की मेहनत और उपलब्धियों को सार्वजनिक रूप से सराहा जाता है, तो वह और अधिक उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित होता है तथा अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनता है।
मो. इदरीश ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तालीम ऐसी अमूल्य संपत्ति है जो व्यक्ति को हर स्थान पर सम्मान दिलाती है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ये छात्र भविष्य में समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करेंगे।
विशिष्ट अतिथि संदीप यादव कबरन ने महाविद्यालय की इस शैक्षिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार करते हैं। इससे मेधावी छात्रों को अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
प्रख्यात साहित्यकार एवं शिक्षाविद् डॉ. देवेंद्र कश्यप ‘निडर’ ने कहा कि जहां शिक्षा, प्रतिभा और संस्कारों का सम्मान होता है, वहां विकास के नए द्वार खुलते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि ऐसे प्रेरणादायी आयोजन निरंतर होते रहे तो यह क्षेत्र भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहचान बनाते हुए एक शैक्षिक केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
अपने संबोधन में संदीप सरस ने शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए विद्यार्थियों से केवल परीक्षा में सफलता तक सीमित न रहने, बल्कि ज्ञान, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन करते हुए पहल फाउंडेशन के डॉ. चन्द्रशेखर प्रजापति ने कहा कि जब किसी विद्यार्थी के गले में मेडल और हाथ में सम्मान पत्र होता है, तो उसका चेहरा आत्मविश्वास और खुशी से खिल उठता है। यह गौरवपूर्ण क्षण केवल विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, शिक्षकों और संस्थान के लिए भी सम्मान का विषय होता है।
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. राहुल वर्मा ने बी.एल. वर्मा छात्रवृत्ति योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के माध्यम से जनपद सीतापुर के विद्यार्थियों को स्नातक स्तर की शिक्षा हेतु फेलोशिप टेस्ट के आधार पर छात्रवृत्ति प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर किन्तु प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए यह योजना उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सहारा सिद्ध होगी।
समारोह के दौरान सैकड़ों विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा एवं प्रतिभा सम्मान को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर महाविद्यालय के निदेशक संतोष वर्मा, राहुल वर्मा, पुष्पेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद्, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

