पांच सदस्यीय प्रेरक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री को सौंपेगा धन्यवाद पत्र : दुर्गेश सिंह
सीतापुर। विकास खंड गोंदलामऊ के अंतर्गत संदना स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर शिक्षक प्रेरक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक संरक्षक सलिल तिवारी एवं ब्लॉक अध्यक्ष रमेश सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रेरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ने कहा कि लगभग आठ वर्षों के लंबे इंतजार के बाद प्रेरकों के बकाया मानदेय भुगतान की प्रक्रिया विभाग द्वारा प्रारंभ की गई है। उन्होंने इसके लिए विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रेरकों की एकता, संगठन की मजबूती तथा निरंतर संघर्ष का परिणाम है।
दुर्गेश सिंह ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए जल्द ही पांच सदस्यीय प्रेरक प्रतिनिधिमंडल उनसे भेंट कर धन्यवाद पत्र सौंपेगा। साथ ही प्रेरकों की संविदा बहाली के संबंध में एक अनुरोध पत्र भी मुख्यमंत्री को दिया जाएगा।
ब्लॉक संरक्षक सलिल तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रेरक समाज की मुख्य कड़ी रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी प्रेरकों ने मिलकर साक्षरता का दीप गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का कार्य किया है। भविष्य में सरकार या विभाग द्वारा जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया जाएगा।
बैठक में रामकिशोर मौर्य, सरोज प्रजापति, कमल सिंह, होरीलाल, नेहा सिंह, रामगोपाल, प्रमोद कुमार, माधुरी देवी, उपासना शर्मा, शशिकला, प्रियंका, अभय सिंह, मनीष सिंह, राहुल चौधरी, पिंकू कश्यप, शिवम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में प्रेरक उपस्थित रहे।

