नन्हे कदमों का भव्य स्वागत: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय गोमती नगर में मना प्रवेश उत्सव
लखनऊ। गोमती नगर स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में कक्षा प्रथम के नवप्रवेशित बच्चों के स्वागत के लिए ‘प्रवेश उत्सव’ बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य संजीव अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ उप-प्राचार्या संगीता सक्सेना एवं प्रधानाध्यापक दिनेश निखार भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से हुई, जहां प्राचार्य एवं शिक्षकों ने नन्हे-मुन्ने बच्चों का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। बच्चों को चॉकलेट और टॉफियां वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक रंगोली से सजाया गया था, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय नजर आया।
इस अवसर पर प्राचार्य संजीव अग्रवाल ने अभिभावकों और बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और पीएम श्री योजना के तहत विद्यालय का उद्देश्य उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर संस्कार प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक सुविधाएं और खेल-कूद की गतिविधियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील भी की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, नृत्य एवं कविता पाठ प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। नन्हे बच्चों ने तितली और फूल का रूप धारण कर मनमोहक कविताएं सुनाईं, जिससे अभिभावक भाव-विभोर हो उठे।
नवप्रवेशित बच्चों के अभिभावकों ने विद्यालय के इस प्रयास की सराहना की। अभिभावक रमेश गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों का स्कूल के प्रति डर समाप्त होता है और वे जल्दी ही विद्यालय के माहौल में ढल जाते हैं। वहीं, नए वातावरण में पहुंचे नन्हे विद्यार्थियों के चेहरे भी खुशी से खिले नजर आए।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

