हरदोई-लखनऊ सीमा पर पुलिस का सख्त पहरा, मलिहाबाद जा रहे प्रदर्शनकारियों को अतरौली में रोका
हरदोई। मलिहाबाद में ज्ञापन देने जा रहे प्रदर्शनकारियों को शुक्रवार को हरदोई पुलिस ने अतरौली थाना क्षेत्र में रोक दिया। इस दौरान हरदोई और लखनऊ की सीमाओं पर भारी पुलिस बल की तैनाती से पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। लखनऊ जाने वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिस की सख्त चेकिंग और बैरिकेडिंग के चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, अतरौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ की ओर जाने वाले सभी रास्तों को पुलिस ने पूरी तरह सील कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें शांतिपूर्ण ढंग से मलिहाबाद जाकर ज्ञापन देने से रोका गया और कई लोगों को जबरन वापस भेज दिया गया।
राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील अर्कवंशी ने कहा कि प्रशासन की यह कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बिना किसी स्पष्ट आदेश या धारा की जानकारी दिए लोगों को रोक रही है। मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों ने भी प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाए।
एक प्रदर्शनकारी ने कहा,
“हम शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन देने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने हमें अतरौली में ही रोक दिया। कोई अधिकारी यह बताने को तैयार नहीं है कि आखिर हमें किस आदेश के तहत रोका जा रहा है।”
इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में भारी पुलिस बल की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। आम राहगीरों को भी घंटों जाम और सघन चेकिंग का सामना करना पड़ा, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

हालांकि, प्रशासन की ओर से अब तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
इस मौके पर रामसुचित्र अर्कवंशी, पंकज अर्कवंशी, संजय अर्कवंशी, अशोक अर्कवंशी, संदीप अर्कवंशी, शोभित अर्कवंशी सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।


