ट्रैक्टर के पहिए से कुचलकर एक साल के बच्चे की मौत, माता-पिता काम में थे व्यस्त
सीतापुर। संदना थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक ईंट भट्टे पर हादसा हुआ। एक साल के बच्चे की ट्रैक्टर के पहिए से कुचलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान निवांश के रूप में हुई है। वह ग्राम खालेगड़ी का रहने वाला था।
घटना अंशु ब्रिक फील्ड गंगोय नामक ईंट भट्टे पर हुई। निवांश के माता-पिता रामशंकर और उनकी पत्नी वहां ईंट पाथने का काम करते हैं। वे अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान मिट्टी से भरा एक ट्रैक्टर (UP 32 PV 6686) वहां से गुजर रहा था। खेलते हुए निवांश ट्रैक्टर के पास पहुंच गया। ट्रैक्टर का पिछला पहिया उस पर चढ़ गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही संदना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने कहा कि तहरीर मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना से परिजनों और ईंट भट्टे पर काम कर रहे अन्य मजदूरों में शोक की लहर है।