इस बार मतदाताओं ने भाजपा को पूरी तरह से नकार दिया है: आनंद भदौरिया
धौरहरा क्षेत्र में सपा प्रत्याशी ने की चुनावी जनसभाएं
लखीमपुर खीरी। पहले और दूसरे चरण के लिए हुए मतदान में मतदाताओं ने भाजपा के उम्मीदवारों को पूरी तरह से नकार दिया है। चुनाव से पूर्व भाजपा ने अबकी बार चार सौ पार का नारा दिया था, लेकिन पहले और दूसरे चरण का चुनाव देखकर भाजपा के लोग इस नारे को भूल गए। जन सरोकारों से दूर हवा-हवाई राजनीति करने वाले भाजपाईयों को पहले हवा का रुख पता नहीं था। पहले और दूसरे चरण में जब उन्होंने जनता की भावना देखी तो उन्हें हकीकत पता लगा गया। यह बात धौरहरा लोकसभा सीट के सपा प्रत्याशी आनंद भदौरिया ने सोमवार को धौरहरा क्षेत्र में आयोजित चुनावी जनसभाओं को संबांधित करते हुए कही।
क्षेत्र के धौरहरा कस्बा सहित नयागांव, बोझिया उदलिशपुर, लोकई पुरवा खजुरी, रामलोक, ठकुरन पुरवा, अमेठी, पाली हरिरामपुर, करौंहा, कंधरापुर, महराजनगर आदि गांवों की जन सभाओं में उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों को भरोसा दिलाया था कि उनकी आय दोगुनी होगी। लेकिन केंद्र और राज्य सरकार ने उनकी फसल का सही दाम आज तक नहीं दिलवा पाई है। खाद, बीज, बिजली, डीजल, पेट्रोल सभी कुछ महंगा हो गया है। भाजपा सरकार ने देश के बड़े उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया। लेकिन किसान के लिए कुछ नहीं किया। सपा प्रत्याशी ने कहा कि विकसित भारत के नाम पर प्रधानों से पैसा वसूला गया। गठबंधन की सरकार आएगी तो एमएसपी कानून होने के साथ किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। किसान खुशहाल होगा तो भारत विकसित होगा। सपा नेता ने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड ने बीजेपी का बैंड बजा दिया है।
जन सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक शमशेर बहादुर शेरू ने कहा कि समूचे धौरहरा क्षेत्र में जन समस्याओं का अम्बार लगा है। बेरोजगारी से युवा परेशान है। किसान सिंचाई के अभाव में मुश्किल दौर से गुजर रहा है। आजादी के 76 सालों बाद भी धौरहरा क्षेत्र को विकास की दरकार है। यहां पर जन सुविधाओं का पूरी तरह से अभाव है। उच्च शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात के समुचित साधन जैसी मूलभूत सुविधाएं इस इलाके के बाशिंदों के लिए आज भी दूर की कौड़ी बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि इस बार जब केंद्र में गठबंधन की सरकार बनेगी और धौरहरा से आनंद भदौरिया सांसद बनेगें, तो धौरहरा क्षेत्र विकास के मानचित्र पर एक अलग पहचान बनाएगा। इसलिए आप सब एकजुट होकर सपा प्रत्याशी आनंद भदौरिया के पक्ष में एकजुट होकर मतदान कर उन्हें भारी बहुमत से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि आपके अपने प्रत्याशी आनंद भदौरिया ही धौरहरा क्षेत्र का विकास करेंगे और यही आपके सच्चे हितैषी साबित होंगे। सभा को वरूण चौधरी ने भी संबोधित किया। जन सभाओं में मुन्ना यादव, कमाल अहमद, नफीस, मुकेश दीक्षित, प्रधान ठेकेदार, गुरूदेव, विकास यादव, मनीष्ज्ञ शुक्ला, पूजा मिश्रा, पहलवान सिंह, श्रवण यादव, शब्बन खां, फैजुल हसन खा आदि मौजूद रहे।