Surya Satta
उत्तर प्रदेश

ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल पर राहगीरों को मिली ठंडे पानी की सौगात

उमा उत्थान महिला समिति के तत्वावधान में समाजसेवी नागेंद्र गुप्ता ने लगवाया वाटर कूलर

सीतापुर। उमा उत्थान महिला समिति के तत्वावधान में ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल के पावन अवसर पर शहर के हरदोई रोड स्थित समाजसेवी नागेंद्र गुप्ता द्वारा राहगीरों एवं स्थानीय लोगों के लिए एक वाटर कूलर की स्थापना कर जनसेवा का सराहनीय कार्य किया गया।
वाटर कूलर के शुभारंभ से पूर्व हनुमान चालीसा का पाठ एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। धार्मिक वातावरण के बीच शुभारंभ कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे भीषण गर्मी में आमजन के लिए राहतकारी कदम बताया।
समाजसेवी नागेंद्र गुप्ता ने बताया कि वह पिछले एक दशक से अधिक समय से बड़े मंगल के अवसर पर भंडारे का आयोजन करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में राहगीरों एवं आसपास के दुकानदारों को नियमित रूप से शीतल पेयजल उपलब्ध हो सके, इसी उद्देश्य से वाटर कूलर स्थापित कराया गया है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि समाजसेवी विनय मोहन सक्सेना द्वारा आगामी दो दिनों के भीतर यहां आरओ सिस्टम भी स्थापित कराया जाएगा, जिससे लोगों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल मिल सकेगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक अभिषेक, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अक्षय सहाय, वरिष्ठ पत्रकार राजीव गुप्ता तेजू, डॉ. प्रशांत, डॉ. सुभाष, सिंचाई संघ के अध्यक्ष विवेक मिश्रा, भोला गुप्ता, अंजनी शुक्ला, दिनेश वैश्य सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

You cannot copy content of this page