Surya Satta
उत्तर प्रदेश

सड़क जाम कर प्रदर्शन करने वाले 11 लोग गिरफ्तार

सीतापुर। सीतापुर में एक किसान की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सड़क जाम कर प्रदर्शन करने वाले 11 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इसके अलावा अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
संदना थाना क्षेत्र के ग्राम मुडियाकैल के किसान रामकिशोर रविवार दोपहर अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान नटपुरवा मजरा फत्तेपुर के धर्मेंद्र, उसकी पत्नी रीता और अन्य लोग वहां पहुंचे। मृतक की पत्नी गायत्री का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने रामकिशोर को नशीला पदार्थ पिलाया। फिर उन्हें अपने गांव ले जाकर मारपीट की।
पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। शाम को मृतक के परिजन और ग्रामीण गोदलामऊ पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई की मांग को लेकर मिश्रिख मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्राली रखकर जाम लगा दिया।
एएसपी दक्षिण प्रवीण रंजन सिंह और थानाध्यक्ष चन्द्रभान यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने। पुलिस ने बल प्रयोग कर 11 लोगों को हिरासत में लिया। थानाध्यक्ष के अनुसार, सभी आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

You cannot copy content of this page