Surya Satta
उत्तर प्रदेश

मतदाताओं ने भाजपा का सफाया करने की मन बना लिया: आनंद

 

कस्ता विधान सभा क्षेत्र में सपा प्रत्याशी की हुईं नुक्कड़ सभाएं

सीतापुर। धौरहरा संसदीय क्षेत्र की कस्ता विधान सभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बुधवार को समाजवादी पार्टी ने नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया। इन सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीण मतदाताओं ने हिस्सा लिया। इस मौके पर सपा नेताओं ने मतदाताओं को पार्टी की नीतियों से अवगत कराया। इस दौरान सपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों को ग्रामीणों के बीच में रखा गया।

 

क्षेत्र के बेहजम कस्बा सहित नीमगांव, सुतेहरा, गुलौला, पिपरिया, बेल जोधपुर, अल्लीपुर, भुलनपुर, बाछेपारा मलिगवा आदि गांवों में जन सभाओं का आयोजन किया गया। इस सभाओं को संबाेधित करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आनंद भदौरिया ने कहा कि इस बार के लोकसभा चुनाव में धौरहरा के मतदाताओं ने भाजपा का सफाया करने का मन बना चुका है। क्योंकि भाजपा के शासन में सभी वर्ग परेशान हैं। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और महंगाई चरम पर है। भाजपा ने पहले के चुनाव में जुमला दिया था और अब गारंटी की बात कर रहे हैं, उनकी गारंटी फेल साबित होगी। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने एक झटके में सेवा की भर्ती को चार साल तक समेट दिया कहीं ऐसा ना हो कि पुलिस वालों की भर्ती भी तीन साल की कर दी जाए।

 

पूर्व विधायक सुनील लाला भार्गव ने कहा कि भाजपा के विरोध में हर जगह माहौल बन रहा है आज हर वर्ग भाजपा के शासन में त्रस्त है। इस बार का लोक सभा चुनाव विशेष चुनाव है और इस बार माहौल अलग हैं। हर वर्ग के लोग भाजपा के खिलाफ खड़े होकर समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान करने का मन बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग सिर्फ जुमलेबाजी ही करते हैं। लेकिन सपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। सपा जो कहती है, वह करती भी है। जन सभाओं को कस्ता विधान सभा क्षेत्र के अध्यक्ष वीरेंद्र वर्मा, जिला पंचायत सदस्य उमाशंकर वर्मा, सपा के ब्लाॅक अध्यक्ष राम जीवन यादव आदि ने भी संबोधित किया। इन सभाओं में काली चरण यादव, संदीप वर्मा, नासिर शाह, शरीफ गाजी, मंजू यादव, लाल सिंह यादव, उधम सिंह चौहान, शैलेंद्र राठौर, शिव कुमार वर्मा, राम सागर चौहान आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

You cannot copy content of this page