Surya Satta
उत्तर प्रदेश

वीरांगना वाहिनी: महिलाओं के नेतृत्व से नए समाज निर्माण की पहल

सीतापुर। महिलाओं की सामूहिक शक्ति को संगठित कर उन्हें नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने के उद्देश्य से कार्य कर रहा संगठन “वीरांगना वाहिनी” आज एक सशक्त सामाजिक-सांस्कृतिक आंदोलन का रूप ले चुका है। संगठन का लक्ष्य है कि हर महिला सुरक्षित, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बने तथा समाज के सकारात्मक परिवर्तन में नेतृत्वकारी भूमिका निभाए।
इसी क्रम में वीरांगना वाहिनी जन संगठन द्वारा सिधौली तहसील क्षेत्र के पटोईया, जानकीपुर, कुर्सेडा, हरदोईया, करौराकला तथा मिश्रिख तहसील क्षेत्र के कोचपुर और बिनौरा गांव में महिलाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन बैठकों में महिलाओं को संगठन के उद्देश्यों से अवगत कराया गया और 13 फरवरी 2026 को लखनऊ में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया।
संगठन की फाउंडर मेंबर पूजा विश्वकर्मा ने बताया कि वर्ष 2023 से महिलाओं को जागरूक करने और उन्हें संगठित करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 13 फरवरी 2026 को कॉल्विन तालुकेदार्स कॉलेज मैदान, लखनऊ विश्वविद्यालय के निकट एक विशाल सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 5000 महिलाएं और युवतियां भाग लेंगी।
वीरांगना वाहिनी का मानना है कि स्वतंत्रता के बाद भी महिलाओं की भागीदारी सार्वजनिक जीवन में अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाई है। घरेलू हिंसा, भेदभाव, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी समस्याएं आज भी बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। संगठन का प्रयास है कि स्थानीय स्तर पर महिलाओं को शिक्षित-प्रशिक्षित कर उनमें निर्णय लेने की क्षमता विकसित की जाए, ताकि वे सामाजिक परिवर्तन की मजबूत धुरी बन सकें।
संगठन स्पष्ट करता है कि यह कोई राजनीतिक दल नहीं है। इसका उद्देश्य चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि महिलाओं की सामूहिक शक्ति को मजबूत करना है, ताकि वे बिना किसी दलीय दबाव के अपनी आवाज उठा सकें। वीरांगना वाहिनी 2023 से संवाद, बैठकें और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से सक्रिय रही है और 2025 में इसकी औपचारिक स्थापना की गई थी।
महिलाओं के सशक्तिकरण, सामाजिक समता और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए यह संगठन निरंतर आगे बढ़ रहा है। वीरांगना वाहिनी का संदेश स्पष्ट है“औरतें आगे आएं, संगठित हों और नए भारत के निर्माण में नेतृत्व करें।”
वीरांगना वाहिनी जन संगठन से जुड़ने व सम्पर्क करने के लिए मोबाइल नम्बर 9580690143 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

You cannot copy content of this page