सांसद के बयान पर अर्कवंशी समाज में भारी नाराजगी महासंघ की बैठक में माफी की मांग, आंदोलन की चेतावनी
हरदोई। जनपद के सण्डीला स्थित महाराजा सल्हीय सिंह अर्कवंशी स्मृति उद्यान में अखिल भारतीय अर्कवंशी क्षत्रिय महासंघ/ट्रस्ट भारत की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में मिश्रिख सांसद अशोक रावत द्वारा संसद में दिए गए एक बयान पर तीखी नाराजगी व्यक्त की गई। सांसद ने महाराजा सल्हीय सिंह अर्कवंशी को पासी बताते हुए उन्हें पाठ्यक्रम में शामिल करने की बात कही थी, जिसे अर्कवंशी समाज ने अपने इतिहास से छेड़छाड़ बताया है।
महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओ.पी. सिंह अर्कवंशी ने कहा कि अर्कवंशी समाज, पासी समाज के कुछ तथाकथित व्यक्तियों द्वारा किए जा रहे अपमानजनक प्रयासों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सांसद अशोक रावत को अपने इस बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी। महासंघ ने शासन से भी मांग की है कि इतिहास से छेड़छाड़ करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
अध्यक्ष ओ.पी. सिंह अर्कवंशी ने चेतावनी दी कि यदि ऐसी गतिविधियां नहीं रुकीं, तो समाज सड़क से लेकर सदन तक व्यापक आंदोलन करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि 2027 और 2029 के चुनावों में अर्कवंशी समाज पासी नेताओं का खुला विरोध करेगा। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि महाराजा सल्हीय सिंह ऐतिहासिक रूप से अर्कवंशी थे और हमेशा अर्कवंशी ही रहेंगे।
बैठक में सत्यपाल सिंह अर्कवंशी, ओमप्रकाश सिंह अर्कवंशी, यदुनाथ सिंह अर्कवंशी, अमरेन्द्र सिंह अर्कवंशी, विशाल सिंह अर्कवंशी, सतीश शास्त्री, राकेश सिंह अर्कवंशी, रामशंकर अर्कवंशी सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

