हेलिकॉप्टर में दुल्हन लाया दूल्हाः 5 लाख में बुक किया था, नूंह में जिस लड़की को ब्याह के लाया वह मामा की लड़की
नूंह के गांव आकेड़ा में हेलिकॉप्टर से दुल्हन लेने पहुंचा दूल्हा।
हरियाणा के नूंह में दूल्हा हेलिकॉप्टर में दुल्हन को लेकर लाया। हेलिकॉप्टर में दुल्हन को घर तक लाने में सिर्फ 15 मिनट लगे। जैसे ही हेलिकॉप्टर गांव में पहुंचा तो उसे देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। दूल्हे ने 5 लाख में हेलिकॉप्टर बुक किया था।
दूल्हे के साथ उसकी दो बहनें और एक भाई भी सवार थे। दूल्हे मोहम्मद साहिब खान ने बताया की उसने अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए यह तरीका चुना। साहिब खान जिस दुल्हन को घर लाया है वह उसके मामा की बेटी है।
सोहना के गांव कोराली निवासी शमशेर खान ने बताया कि बेटे का मन था कि वह अपनी बारात हेलिकॉप्टर से लेकर पहुंचे। साहिब ने हमें न बताकर अपने दोस्तों को यह बात बताई। उसके दोस्तों से ही परिवार के अन्य लोगों को हेलिकॉप्टर की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने बेटे की खुशी के लिए हेलिकॉप्टर बुक कर दिया।
हेलिकॉप्टर देखने उमड़ी भीड़। हेलिकॉप्टर को दुल्हन के घर से दूल्हे के गांव तक पहुंचने में सिर्फ 15 मिनट लगे।
21 फरवरी को हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक यह शादी 21 फरवरी को थी। गांव आकेड़ा के रहने वाले मोहम्मद तारीफ की बेटी नसीमा खान का रिश्ता साहिब खान से तय हुआ था। मोहम्मद तारीफ हरियाणा पुलिस में हैं।
दोनों गांवों में बनाए गए थे हेलीपैड
साहिब खान की इच्छा थी कि वह अपनी दुल्हन को हेलिकॉप्टर में लाएगा। इसके लिए पिता ने प्रशासन से अनुमति ली। इसके बाद एक निजी कंपनी से किराए पर हेलिकॉप्टर मंगाया। हेलिकॉप्टर की लैंडिंग के लिए दोनों गांव में हेलीपैड बनाए गए।
हेलिकॉप्टर से दुल्हन को बाहर निकालता दुल्हा।
15 मिनट में गांव पहुंचा हेलिकॉप्टर
साहिब खान अपनी दुल्हन को लेने शुक्रवार को दोपहर करीब 3 बजे गांव पहुंचा। गांव में हेलिकॉप्टर आने के बाद लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। शाम करीब 4 बजे दुल्हन को लेकर हेलिकॉप्टर ने आंकेड़ा गांव से उड़ान भरी और महज 15 मिनट में कोराली गांव में लैंड कर गया। आंकेड़ा से कोराली गांव की दूरी 25 किलोमीटर है। बस में करीब एक घंटा लगता है।
दुल्हन 12 पास तो दूल्हा बीए का स्टूडेंट शमशेर खान ने बताया कि उनका बेटा अभी बीए का छात्र है। जबकि लड़की ने 12वीं कक्षा पास की है। उन्होंने बताया कि जो दुल्हन बनकर उनके घर में आई है, वह उनके साले की लड़की है।
हेलिकॉप्टर देखने उमड़े लोगों। इस पल को लोग अपने फोनों में कैद करते दिखे।
दूल्हे का पिता बोला- दहेज नहीं लिया
उन्होंने बताया कि शादी में अन्य किसी भी तरह की कोई फिजूलखर्ची नहीं की गई। किसी तरह का कोई दहेज भी नहीं लिया गया। हेलिकॉप्टर भी उन्होंने अपने खर्चे पर ही किया है। दोनों बच्चों की खुशी और शादी एक यादगार बने, इसके लिए उन्होंने हेलिकॉप्टर मंगवाया था।