Surya Satta
उत्तर प्रदेश

वित्तीय साक्षरता सप्ताह कार्यक्रम में लोगों को किया गया जागरूक

 

लखनऊ। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा 9 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक मनाए जा रहे वित्तीय साक्षरता सप्ताह के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 फरवरी 2026 को विकासखंड काकोरी की ग्राम पंचायत शाहपुर में वित्तीय साक्षरता यात्रा के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रचार वाहन के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी एवं बैंकिंग योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।


कार्यक्रम में उपस्थित वित्तीय साक्षरता केंद्र के प्रबंधक श्री लाल जी अर्कवंशी एवं फील्ड कोऑर्डिनेटर ब्लॉक काकोरी श्रीमती रावत ने ग्रामीणों को केवाईसी/री-केवाईसी प्रक्रिया, डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा, बचत की आदतों और बैंकिंग सेवाओं के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना एवं अटल पेंशन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रचार वाहन के माध्यम से योजनाओं से संबंधित पंपलेट एवं सूचना सामग्री भी वितरित की गई। ग्रामीणों ने योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त कर उत्साह दिखाया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने क्रिसिल फाउंडेशन की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
वित्तीय साक्षरता सप्ताह का उद्देश्य आमजन को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें सुरक्षित एवं संगठित बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना है, ताकि हर व्यक्ति वित्तीय रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बन सके।

Leave a Reply

You cannot copy content of this page