अंतर्राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में साहित्यकारों का सम्मान
वैशाली। शक्ति सदन फाउंडेशन एवं वार्तिका साहित्यिक मंच के संयुक्त तत्वावधान में एक अंतर्राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। बिहार सरकार के युवा मंत्री संजय कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर यूथ आइकॉन विजेता किशलय किशोर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि शशि भूषण कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि थे। देश-विदेश से आए कवि-कवयित्रियों ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ साहित्यकार दिनेश प्रसाद सिन्हा को साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, कवयित्री रेणु शर्मा ‘राध्या’ को उनकी संवेदनशील एवं प्रभावशाली काव्य-साधना हेतु विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मेलन में ‘वाह भाई वाह’ फेम कवि डॉ. गोविन्द ग़ज़ब, डॉ. विनोद हंसौरा, हिना कौशर गोरखपुरी, नरेंद्र कुमार झा, गौरव झा, डॉ. रीना मिश्रा, अमित श्रीवास्तव और अजय कुमार पाण्डेय सहित अनेक प्रतिष्ठित कवियों ने काव्य-पाठ किया। हास्य, श्रृंगार, वीर रस और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी इन रचनाओं ने श्रोताओं को देर तक बांधे रखा।
कवि सम्मेलन देर रात तक चला, जहाँ श्रोताओं ने तालियों के साथ रचनाओं का भरपूर उत्साहवर्धन किया। यह आयोजन साहित्यिक दृष्टि से अत्यंत सफल रहा।

