गोंदलामऊ क्षेत्र में तेंदुआ पिंजरे में कैद, एक माह से कई गौवंशों का कर चुका था शिकार
सीतापुर। गोंदलामऊ क्षेत्र में एक तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया है। यह तेंदुआ पिछले एक महीने से बैशौली गांव स्थित गौशाला के आसपास आतंक मचा रहा था और कई गौवंशों को अपना शिकार बना चुका था। वन विभाग ने इसे रविवार रात करीब 10 बजे पकड़ा।
पिछले एक माह से इस तेंदुए ने क्षेत्र में कई गौवंशों को अपना निवाला बनाया था, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल था।
ग्राम प्रधान राजेश कुमार के अनुसार, 1 और 3 सितंबर को तेंदुए ने दो बछड़ों का शिकार किया था। 14 सितंबर को गौशाला में लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए की मौजूदगी दर्ज हुई थी। ग्रामीणों के साथ प्रधान के शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से भाग गया था। तभी वन विभाग ने गौशाला के पास एक पिंजरा लगाया था।
वन दरोगा ऋषभ सिंह तोमर ने बताया कि बैशौली गांव की गौशाला में तेंदुए की कई बार आमद देखी गई थी। 14 सितंबर को सीसीटीवी फुटेज में भी यह दिखाई पड़ा था। उसी दौरान गौशाला के समीप पिंजरा लगाया गया था और प्रतिदिन शाम को उसमें एक बकरी बांधी जाती थी। 28 सितंबर की रात करीब 10 बजे तेंदुआ पिंजरे में कैद हुआ, मौके पर वन विभाग की टीम मौजूद है।