जवाहरलाल नेहरू विद्यापीठ के विद्यार्थियों ने किया विज्ञान नगरी, कोलकाता का शैक्षणिक भ्रमण
कोलकाता (28 जनवरी)। खिदिरपुर स्थित बाबूबाजार (5/2, भूकैलाश रोड) के जवाहरलाल नेहरू विद्यापीठ (बॉयज़) हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने बुधवार को विद्यालय द्वारा आयोजित शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत कोलकाता की प्रसिद्ध विज्ञान नगरी (साइंस सिटी) का भ्रमण किया। इस शैक्षणिक यात्रा में कक्षा सातवीं से लेकर कक्षा दसवीं तक के छात्र शामिल हुए।

विज्ञान नगरी, कोलकाता विज्ञान से संबंधित एक प्रमुख प्रदर्शनी एवं संग्रहालय है, जो भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत संचालित होता है। यह भारतीय उपमहाद्वीप का अपने प्रकार का सबसे बड़ा विज्ञान केंद्र माना जाता है। यहाँ विज्ञान, तकनीक और नवाचार से जुड़े विभिन्न विषयों को रोचक और व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत किया गया है।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने विज्ञान से संबंधित अनेक आधुनिक मशीनों, मॉडल्स और प्रदर्शनों का अवलोकन किया। 3-डी शो, टाइम मशीन, डार्क राइड सहित अन्य आकर्षणों ने छात्रों को विशेष रूप से प्रभावित किया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को सरल एवं रोचक तरीके से समझा और नई जानकारियाँ प्राप्त कीं।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मधुरिमा चंद्रा ने सफल शैक्षणिक भ्रमण के लिए सभी शिक्षकों को धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी ऐसे शिक्षामूलक और छात्रहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन का आश्वासन दिया। इस भ्रमण को सफल बनाने में कौशिक साधुखान, शाश्वती मुखर्जी, नितेश्वर चौधरी, सुनीता राउत, गिरिजेश शर्मा, राजेश शर्मा, संतोषी गौड़, मृत्युंजय सिंह, विनोद यादव एवं बब्लू सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का आरंभ से अंत तक सफल संयोजन एवं संचालन सुमन कुमार दास द्वारा किया गया।
यह शैक्षणिक भ्रमण छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और स्मरणीय अनुभव साबित हुआ।

