अर्कवंशी जागृति सद्भावना समारोह सम्पन्न, समाज की एकता, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा पर दिया गया जोर
हरदोई। अखिल भारतीय अर्कवंशी क्षत्रिय महासंघ ट्रस्ट भारत के तत्वावधान में रविवार को अर्कवंशी जागृति सद्भावना समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा त्रिलोक चन्द, महारानी भीमा देवी अर्कवंशी, महाराजा सल्हीय सिंह अर्कवंशी एवं महाराजा मल्हीय सिंह अर्कवंशी के जयघोष तथा अर्कवंश एकता ज़िंदाबाद के नारों के साथ हुई।
यह समारोह रविवार को भारत पेट्रोल पंप के सामने, इंडियन गैस एजेंसी के पास, संडीला–मल्लावां रोड, गौसगंज स्थित गोविंद सिंह फौजी के आवास पर सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अर्कवंशी समाज के लोगों ने सहभागिता की।
समारोह में वक्ताओं ने अर्कवंशी समाज की एकता, सामाजिक विकास और शिक्षा को समाज की उन्नति का मूल आधार बताया। उन्होंने कहा कि जब समाज संगठित और जागरूक होता है, तभी वह अपने सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकता है।
बैठक में 5 सितंबर 2025 को माननीय सांसद श्री अशोक रावत द्वारा दिए गए वक्तव्य का कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। इस अवसर पर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री ओ.पी. सिंह अर्कवंशी ने कहा कि जब तक संबंधित सांसद अर्कवंशी समाज से सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक समाज शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जारी रखेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवश्यकता पड़ने पर धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया कि समाज आगामी 2026, 2027 एवं 2029 के चुनावों में संबंधित नेताओं के विरोध में मतदान अथवा नोटा के प्रयोग पर विचार करेगा।
समारोह के दौरान संगठन का विस्तार करते हुए कई महत्वपूर्ण नियुक्तियाँ की गईं। डॉ. मनोज कुमार अर्कवंशी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, श्री सौरभ अर्कवंशी को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा श्री राम मूर्ति अर्कवंशी को प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया। इसके अलावा अन्य पदाधिकारियों का भी मनोनयन किया गया।
कार्यक्रम में श्री ओम प्रकाश अर्कवंशी, यदुनाथ सिंह अर्कवंशी, सुनील अर्कवंशी, आनंद कुमार अर्कवंशी, उमेश कुमार अर्कवंशी, नानक सिंह अर्कवंशी, राम इंद्रजीत अर्कवंशी, अवतार अर्कवंशी, अमरेंद्र सिंह अर्कवंशी, हरिराम अर्कवंशी, सतीश शास्त्री, सत्यपाल अर्कवंशी सहित सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
समारोह का समापन समाज की एकता, जागरूकता और अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ किया गया।


