Surya Satta
उत्तर प्रदेश

अर्कवंशी समाज में आक्रोश, महाराजा सल्हीय सिंह अर्कवंशी के इतिहास से छेड़छाड़ का आरोप

 

लखनऊ, 29 नवम्बर 2025। अर्कवंशी समाज ने प्रदेशभर में लगाए गए विवादित होर्डिंग्स को लेकर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि (मध्यांचल) एवं सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील अर्कवंशी ने जिलाधिकारी हरदोई के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि कुछ अराजक तत्वों द्वारा महाराजा सल्हीय सिंह अर्कवंशी के इतिहास से छेड़छाड़ करते हुए उन्हें “सल्हीया पासी” के रूप में दर्शाने वाले होर्डिंग व पोस्टर प्रदेश के कई जनपदों में लगाए गए हैं। इससे समाज में गहरा रोष व्याप्त है। सुनील अर्कवंशी ने आरोप लगाया कि अखिल भारतीय पासी महासभा द्वारा जानबूझकर भ्रम फैलाने और महाराजा की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, जो अत्यंत आपत्तिजनक है।

 

उन्होंने बताया कि महाराजा सल्हीय सिंह अर्कवंशी के जन्मदिवस पर बड़ी संख्या में मंत्रीगण, सांसद, विधायक व विभिन्न संगठनों द्वारा सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के माध्यम से बधाई संदेश प्रसारित किए गए, इसके बावजूद कुछ संगठनों द्वारा इतिहास से छेड़छाड़ की जा रही है। ऐसे कृत्य समाज की भावनाओं को आहत करने वाले हैं।

 

अर्कवंशी समाज ने मांग की है कि 24 घंटे के भीतर संबंधित उपद्रवियों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए और सभी विवादित होर्डिंग तत्काल हटाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई न होने पर समाज व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

प्रार्थना पत्र के माध्यम से सुनील अर्कवंशी ने कहा कि समाज सम्मानजनक समाधान चाहता है, किंतु इतिहास विकृत करने का प्रयास किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

You cannot copy content of this page