सिधौली में शहीद स्मारक पर निकाला गया कैंडल मार्च, पुलवामा के वीरों को दी गई श्रद्धांजलि
सीतापुर। भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के नेतृत्व में शुक्रवार को सिधौली स्थित शहीद स्मारक पर भव्य कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर देश के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कैंडल मार्च डाक बंगला चौराहे से प्रारंभ होकर शहीद स्मारक तक पहुंचा। इस दौरान “भारत माता की जय” और “शहीद अमर रहें” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। मार्च में शामिल युवाओं ने Pulwama attack में शहीद हुए वीर जवानों को याद करते हुए उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
शहीद स्मारक पहुंचकर सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम भाजपा मंडल सह संयोजक सोशल मीडिया काव्य त्यागी के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी भाजपा जिला संयोजक सोशल मीडिया अतुल तिवारी ने निभाई।
इस अवसर पर विधानसभा सोशल मीडिया संयोजक विवेक त्रिवेदी, मंडल संयोजक रचित मिश्रा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र सदैव स्मरण रखेगा और युवाओं को देशभक्ति एवं राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।


